Sehore: तेरी वर्दी उतरवा दूंगा…

27 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंगावली में सांप्रदायिक तनाव की आशंका के बीच हालात संभालने पहुंची पुलिस टीम पर ही भीड़ ने हमला बोल दिया। महिला उपनिरीक्षक को वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी दी गई, जबकि सरकारी वाहन चालक आरक्षक पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक सुनीता बेतवाल को सूचना मिली थी कि ग्राम मुंगावली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
हत्या की धमकी का आरोप
पुलिस के मुताबिक मौके पर गांव के सरपंच के भाई सुनील विश्वकर्मा अपने साथियों के साथ भीड़ एकत्र किए हुए था। उसके हाथ में डंडे और लोहे की रॉड थी। पुलिस का आरोप है कि समझाइश के बावजूद वह नहीं माना और कथित रूप से कहा कि धर्म विशेष के एक युवक को जान से खत्म कर देंगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने युवक को सुरक्षित थाने रवाना कराया।
आरक्षक पर लोहे की रॉड से हमला
तीन दिन पुराने मामले में एफआईआर में उल्लेख है कि युवक को सुरक्षित भेजे जाने के दौरान आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। आरोप है कि दीनू नामक आरोपी ने लोहे की रॉड से पुलिस वाहन चालक आरक्षक अबू सुफियान के बाएं हाथ पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को भीड़ से निकालकर सुरक्षित रवाना किया।
महिला एसआई को दी धमकी
रिपोर्ट के अनुसार पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने पर आरोपी सुनील विश्वकर्मा और अधिक आक्रामक हो गया। उसने महिला एसआई से कथित तौर पर कहा कि मैं तुझे नौकरी करना सिखा दूंगा, तेरी वर्दी उतरवा दूंगा। इतना ही नहीं, पत्थर मारकर चेहरा तोडऩे और पुलिस टीम को जान से खत्म करने तक की धमकी देने का भी आरोप एफआईआर में दर्ज किया गया है।
आरक्षक नेपाल से मारपीट
एफआईआर के मुताबिक आरोपी के उकसाने पर उसके साथियों और भीड़ ने आरक्षक नेपाल के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, पुलिस टीम के साथ झूमाझटकी की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों का विरोध किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया।
तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
मंडी थाना पुलिस ने उपनिरीक्षक सुनीता बेतवाल की शिकायत पर सुनील विश्वकर्मा, दीनू और दो अन्य साथियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर क्रमांक 0224/2026 दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपियों की तलाश जारी है
मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।