Sehore News: सीहोर। प्रदेश का किसान अपनी खून-पसीने की कमाई के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। सरकार मूंग की सीमित खरीदी कर किसानों के साथ छल कर रही है। हमारी मांग है कि पूर्व की भांति किसानों का 100 प्रतिशत मूंग न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए।
यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन का वाचन करते हुए कही। जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगदीश चौहान के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और किसान शामिल हुए।
100 फीसदी मूंग खरीदी-ई.टोकन व्यवस्था बंद हो
ज्ञापन का वाचन करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर जिले का किसान अपनी खून पसीने की कमाई को लेकर दर दर भटक रहा है। उन्होंने प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि किसानों द्वारा पैदा की गई मूंग की फसल की सीमित खरीदी बंद कर पूर्व की भांति 100 प्रतिशत उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए। खाद वितरण में लागू जटिल ई.टोकन व्यवस्था को खत्म कर पारदर्शी तरीके से किसानों को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर बोनी हो सके।
जबरन पाउडर बांटने पर लगे रोक
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में बिक रही महंगी कीटनाशक, खरपतवारनाशक और टॉनिक दवाइयों के उपयोग से फसलों को नुकसान हो रहा है, इसलिए इनकी गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही शासकीय सहकारी समितियों द्वारा किसानों को जबरन दी जा रही अनावश्यक दवाइयों और पाउडर के वितरण को तुरंत बंद करने की मांग की गई।
बिजली व्यवस्था और स्मार्ट मीटर का विरोध
ज्ञापन में किसानों के लिए कृषि कार्यों हेतु निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई। साथ ही स्मार्ट मीटरों के माध्यम से किसानों और आम उपभोक्ताओं पर डाले जा रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को तत्काल समाप्त करने का आग्रह किया गया।
पदयात्रा में ये नेता रहे शामिल
इस अवसर पर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगदीश चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, राजाराम बड़े भाई, राजेंद्र वर्मा, ओम वर्मा, कमल सिंह पहलवान, संतोष गौर, पवन राठौर, विवेक राठौर, निशांत वर्मा, लक्ष्मण सिंह सहित किसान कांग्रेस के विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।


