कुबेरेश्वर धाम पहुंचीं प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, गुरु पूर्णिमा महोत्सव की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अफसरों को दिए निर्देश

25 sehore photo 12

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने जिले की प्रभारी मंत्री और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर सीहोर पहुंचीं। उन्होंने रेस्ट हाउस और कुबेरेश्वर धाम परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के साथ समीक्षा बैठक की। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कुबेरेश्वर धाम के संस्थापक पंडित प्रदीप मिश्रा और आयोजन समिति के सदस्यों से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समिति आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण मिले।
ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर निर्देश, न लगे जाम
बैठक में प्रभारी मंत्री ने ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बिल्कुल न बने। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए और वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाए।
पेयजल, स्वच्छता और कांवड़ यात्रा के मार्ग पर ध्यान
प्रभारी मंत्री ने सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा के मार्ग पर पेयजल, प्रकाश और साफ सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पीने का पानी और प्रवेश-निकास द्वारों पर सुगम व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर बालगुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने प्रभारी मंत्री को गुरु पूर्णिमा महोत्सव और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व रूट प्लान की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, पंकज गुप्ता, सुदीप प्रजापति सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।