भोपाल नाके पर 2 करोड़ की लागत से बना राजा भोज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कल होगा भव्य लोकार्पण

25 sehore photo 11

Sehore News: सीहोर। शहर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा भोपाल नाके पर नव निर्मित राजा भोज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण रविवार को किया जाएगा। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से शहर को एक नया और व्यवस्थित व्यावसायिक केंद्र मिल जाएगा।
नगर पालिका द्वारा निर्मित इस दो मंजिला/आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में कुल 40 दुकानदारों को दुकानें आवंटित कर दी गई हैं। इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से स्थानीय व्यापार में तेजी आएगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आम नागरिकों को भी एक ही छत के नीचे खरीदारी की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
व्यापारियों-नागरिकों को मिलेगी सुविधा
लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि राजा भोज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण से व्यापारियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ एक व्यवस्थित व्यावसायिक माहौल मिलेगा। इससे शहर का सौंदर्यीकरण भी बढ़ेगा और भोपाल नाका क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों में बड़ा इजाफा होगा। नपा अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका सीहोर के समग्र विकास और आमजन की सुविधाओं के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।