नीट में सफल होनहारों का नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया सम्मान, दर्शन अकादमी में गूंजी तालियां

24 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दर्शन अकादमी द्वारा आयोजित नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नीट जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बच्चों की इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले परिजनों एवं शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नीट जैसी देश की प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में सफलता पाना केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इन होनहार विद्यार्थियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ी ताकत है जो समाज और राष्ट्र को प्रगति की नई दिशा देती है। आज के ये युवा ही आगे चलकर विकसित भारत के सशक्त निर्माता बनेंगे।
नई शिक्षा नीति से युवाओं को मिल रहे आधुनिक अवसर
प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में शिक्षाए नवाचार और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी इस प्रतिभा और डॉक्टर बनने के बाद अपने ज्ञान का उपयोग समाज तथा राष्ट्र सेवा में करें और सीहोर का नाम पूरे देश में रोशन करें।
अकादमी ने साझा कीं शैक्षणिक उपलब्धियां
समारोह के प्रारंभ में दर्शन अकादमी के संचालक ओमप्रकाश मेवाड़ा और ऋषि मीणा ने सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संस्था की शैक्षणिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत की जानकारी साझा करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, पार्षद राजेश मांझी, विजेंद्र परमार, कमलेश राठौर, नरेंद्र राजपूत सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।