2 साल 2 महीने तक सीहोर में एसडीओपी रहे हैं एएसपी डॉ. चौबे

24 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने पदभार ग्रहण कर लिया है। निवर्तमान एएसपी सुनीता रावत के तबादले के बाद उन्होंने मुख्यालय पहुँचकर प्रभार संभाला। इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से सौजन्य मुलाकात कर जिले की सुरक्षा व्यवस्था और प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
बता दें नवागत एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के लिए सीहोर जिला नया नहीं है। इससे पहले वे वर्ष 2010 से 2012 तक यानी 2 साल 2 महीने तक बुधनी में बतौर एसडीओपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले की भौगोलिक स्थिति और जमीनी स्तर की चुनौतियों से वे भली भांति वाकिफ हैं। उनके इस 2 साल 2 महीने के पुराने अनुभव का सीधा फायदा अब सीहोर जिले की सुरक्षा और कानून.व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मिलेगा।
नशे के खिलाफ अभिनय से जीता था दिल
सीहोर आने से ठीक पहले डॉ. चौबे का एक अनूठा अंदाज सोशल मीडिया पर खूब चर्चित रहा। विदिशा में पदस्थापना के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत बनी एक शॉर्ट फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसमें उन्होंने एक नशेड़ी का जीवंत अभिनय करते हुए समाज को संदेश दिया था कि कैसे नशे की लत हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर देती है। खाकी वर्दी के साथ उनके इस अभिनय और सामाजिक सरोकार की काफी सराहना हुई थी।
अपराध नियंत्रण पहली प्राथमिकता
पदभार संभालते ही नवागत एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाना, आम जनता में सुरक्षा का भरोसा जगाना और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुगम व संवेदनशील बनाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।