20 साल का इंतजार होगा खत्म, शीतल विहार-शांति विहार कालोनीवासियों को मिलेगी सडक़

23 sehore photo 07

सीहोर। नगर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित शीतल विहार और शांति विहार कॉलोनी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 20 वर्षों से बदहाल और बिना सडक़ के आवागमन की समस्या झेल रहे कॉलोनीवासियों को जल्द ही पक्की सडक़ की सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर की पहल पर हाल ही में आयोजित प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की बैठक में इस सडक़ निर्माण कार्य को वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति दे दी गई है।
बता दें शीतल विहार और शांति विहार सहित आसपास की अन्य कॉलोनियों के मुख्य मार्ग से रोजाना करीब 5 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही होती है। सडक़ का निर्माण न होने की वजह से रहवासियों और राहगीरों को बीते दो दशकों से धूल, गड्ढों और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा था। खासकर बारिश के इन दिनों में यहां से निकलना बेहद जोखिम भरा हो जाता था। स्थानीय निवासियों ने अपनी इस विकट समस्या से नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर को अवगत कराया था।
पीआईसी की बैठक में पास हुआ 20.62 लाख का बजट
रहवासियों की मांग और समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने इस मुद्दे को पीआईसी की बैठक में प्रमुखता से रखा। बैठक में विचार-विमर्श के बाद वार्ड 21 स्थित भोपाल-इंदौर बायपास से शीतल विहार होते हुए शांति विहार कॉलोनी मेन रोड के डामरीकरण निर्माण कार्य का प्रस्ताव पारित किया गया। इस पूरी परियोजना के लिए 20 लाख 62 हजार 563 रुपए का एस्टिमेट बनाकर उसकी प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति पर मुहर लगा दी गई है।
प्राथमिकता के आधार पर हो रहे विकास कार्य
मामले में जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। नगर पालिका द्वारा आमजनों की जरूरतों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अध्यक्ष राठौर ने बताया कि शीतल विहार और शांति विहार के निवासियों ने उनसे मुलाकात कर सडक़ न होने से हो रही समस्याओं के बारे में बताया था। जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और करीब एक महीने के भीतर ही मौके पर सडक़ निर्माण का काम शुरू करवा दिया जाएगा। सडक़ बनने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुगमता मिलेगी और 20 साल पुरानी समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।