Sehore: अभिनय से छाए एएसपी चौबे ने सीहोर में संभाला पदभार…

23 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जन सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार संभाल लिया है। निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के स्थानांतरण के बाद उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।
बता दें सीहोर में पदभार संभालने से ठीक पहले एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे का एक प्रेरणादायी और अनोखा रूप सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। विदिशा में पदस्थापना के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी जनजागरूकता अभियान के तहत उन्होंने एक शॉर्ट वीडियो में मुख्य भूमिका निभाई है।
किसी पेशेवर अभिनेता की तरह डॉ. चौबे ने इस वीडियो में खुद एक नशेलची (नशे के आदी व्यक्ति) का जीवंत किरदार निभाया। उन्होंने अपने सशक्त अभिनय से यह दिखाया कि कैसे सिर्फ एक पुडिय़ा या नशे की लत किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य, हंसते-खेलते परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा और सुनहरे भविष्य को तबाह कर देती है।
सोशल मीडिया पर जमकर मिल रही सराहना
खाकी वर्दी की गरिमा के साथ सामाजिक सरोकार के लिए खुद कैमरे के सामने आकर ऐसा जीवंत अभिनय करने वाले पुलिस अफसर की हर तरफ खुलकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब शेयर कर रहे हैं। इस प्रस्तुति के अंत में उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे नशे के दलदल से दूर रहकर एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाएं।
एसपी सक्सेना से की सौजन्य मुलाकात
सीहोर पहुंचकर नवागत एएसपी डॉ. चौबे ने पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से सौजन्य मुलाकात की और जिले की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्राथमिकताओं तथा रणनीतियों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त कर अपनी कार्ययोजना की झलक दी।
सीहोर में नशामुक्ति अभियान को मिलेगी नई रफ्तार
विभागीय कार्यभार संभालने के बाद नवागत एएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पुलिसिंग को सुगम व संवेदनशील बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वहीं सीहोर के स्थानीय नागरिकों और युवाओं का मानना है कि डॉ. चौबे की इस खास पहल और सोच से सीहोर जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान को एक नई दिशा और रफ्तार मिलेगी।