वल्र्ड कप वुडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में इछावर के राजवीर का चयन, मलेशिया रवाना

22 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। जिले के लिए बड़े ही गर्व की बात है। तहसील इछावर के ग्राम झालकी निवासी राजवीर सिंह दरबार पिता चंद्रपाल सिंह दरबार का चयन 10वीं वल्र्ड कप वुडबॉल चैंपियनशिप और मलेशिया ओपन इंटरनेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में हुआ है। वह इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सीहोर जिले के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
भारत सरकार के खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा पूरे देश से खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ 16 खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय वल्र्ड कप प्रतियोगिता 24 जुलाई से 30 जुलाई तक पेरलीस मलेशिया में आयोजित की जा रही है। भारतीय टीम अपने कोच प्रवीण माडवकर के नेतृत्व में मलेशिया के लिए रवाना हो चुकी है।
नेशनल गेम्स में लहरा चुके हैं परचम
राजवीर सिंह दरबार इससे पहले मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए खेलो इंडिया नेशनल गेम्स गोवा, जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर ही उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है। बता दें राजवीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाने में मध्य प्रदेश के प्रमुख वुडबॉल कोच राजेंद्र पाल और शारदा विहार स्कूल की खेल शिक्षिका पूनम रावत की अहम भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन में ही राजवीर ने खेल की बारीकियों को सीखा और यह मुकाम हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और जिले का नाम रोशन करने जा रहे राजवीर दरबार को परिवारजनों और मित्रों ने शुभकामनाओं के साथ मलेशिया के लिए रवाना किया। इस उपलब्धि पर एक्सीलेंस कॉलेज के डायरेक्टर, प्रोफेसरों, शारदा विहार भोपाल के आचार्यों व प्रबंधकों, शुभचिंतकों तथा इछावर अंचल के निवासियों ने राजवीर को बधाई दी और भारतीय टीम की जीत की कामना की है।