छेघरा के पास भीषण सडक़ हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

21 sehore photo 19

Sehore News: सीहोर। बुधनी थाना क्षेत्र अंतर्गत छेघरा स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री के समीप शाम करीब 4.30 बजे एक भीषण सडक़ हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल बुधनी पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक अंकित मीना 20 वर्ष पिता केवल मीना एवं राजा कीर 18 वर्ष पिता सियाराम दोनों ग्राम पाताल खो बुधनी के निवासी थे। दोनों युवक मोटरसाइकिल से बुधनी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि इस सडक़ हादसे में ट्रक की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्यस्त मार्ग पर फिर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
यह हादसा ऐसे स्थान पर हुआ है, जहां बुधनी ओवरब्रिज से नर्मदा पुल तक प्रतिदिन भारी वाहनों और अन्य यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। यह क्षेत्र नगर का सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है और पूर्व में भी यहां कई गंभीर सडक़ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। नगरवासियों का कहना है कि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, अव्यवस्थित पार्किंग और प्रभावी यातायात प्रबंधन के अभाव के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। पूर्व में नागरिकों द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग भी की गई थी। प्रशासन ने कुछ समय के लिए व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।