सीवेज ठेकेदार पर भडक़े विधायक सुदेश राय, कराया काम बंद

21 sehore photo 16

Sehore News: सीहोर। सीवन नदी के तट पर स्थित सुंदरबन की भूमि को सोमवार रात अंधेरे में उजाडऩे का मामला सामने आया है। अंडरग्राउंड सीवेज कंस्ट्रक्शन का ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर रात के अंधेरे में पोकलेन और जेसीबी चलाकर सुंदरबन में गहरा गड्ढा कर रहा था। जैसे ही स्थानीय नागरिकों और विधायक सुदेश राय को ठेकेदार की इस मनमानी की सूचना मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे और सीवेज कंपनी का काम रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार अमृत योजना 2.0 के तहत शहर में अंडरग्राउंड सीवेज लाइन बिछाने का काम चल रहा है। सीवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार अक्षय (कर्मचारियों के माध्यम से) सुंदरबन क्षेत्र में लगातार खुदाई कर रहा था। विधायक राय फटकार लगाते हुए कहा कि जब नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह ने सुंदरबन में काम करने से स्पष्ट मना किया है तो फिर किसकी शह पर यह काम कराया जा रहा है।
सीएमओ को लगाया फोन
विधायक सुदेश राय ने सुंदरबन से ही नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह को फोन लगाया और नाराजगी जताते हुए सीवेज कंपनी के शहर भर में चल रहे सभी कामों को तुरंत प्रभाव से बंद कराने के सख्त निर्देश दिए। विधायक राय ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा सीवेज वालों ने पूरे शहर की व्यवस्था बिगाड़ रखी है। ये अधिकारी और सीएमओ तक के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। पूरे शहर में घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार मचा रखा है। मना करने के बाद भी हरे-भरे सुंदरबन को छलनी किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहरवासियों के लिए मुसीबत बना सीवेज प्रोजेक्ट
बता दें नगर पालिका परिषद की देखरेख में अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहा यह सीवेज प्रोजेक्ट पिछले कई सालों से शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नागरिक लगातार शिकायत करते रहे हैं कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन काम किया जा रहा है। खुदाई के नाम पर पानी की अंडरग्राउंड पाइप लाइनों, टेलीफोन केबलों, पक्की सीसी सडक़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कई जगह दुकानों और मकानों को भी क्षति पहुंची है।