Sehore News: सीहोर। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी समाजसेविका अरुणा राय ने मंगलवार को शहर के सुप्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महिला भजन मंडल को नया साउंड सिस्टम ससम्मान प्रदान किया। इस साउंड सिस्टम के मिलने से अब मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों की गूंज और भी मधुरता व उत्साह के साथ सुनाई देगी।
जानकारी के अनुसार खड़े हनुमान मंदिर में नियमित रूप से भजन-कीर्तन करने वाली महिला मंडली को साउंड सिस्टम की आवश्यकता थी। इसके लिए स्थानीय पार्षद मुकेश मेवाड़ा एवं समाजसेवी राजेश मेवाड़ा ने विधायक सुदेश राय से महिला भजन मंडली को साउंड सिस्टम उपलब्ध कराने की अनुशंसा की थी। विधायक सुदेश राय के मार्गदर्शन में समाजसेविका अरुणा राय स्वयं खड़े हनुमान मंदिर पहुंची। उन्होंने भगवान हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और महिला भजन मंडली की बहनों को नया साउंड सिस्टम भेंट किया।
भजन मंडली की बहनों ने जताया आभार
साउंड सिस्टम मिलने पर महिला भजन मंडल की बहनों ने खुशी जाहिर करते हुए समाजसेविका अरुणा राय एवं विधायक सुदेश राय का सहृदय आभार व्यक्त किया। महिलाओं का कहना था कि अब मंदिर में होने वाले दैनिक भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ और आगामी धार्मिक उत्सवों में भक्ति का माहौल और भी संगीतमय हो जाएगा। साउंड सिस्टम वितरण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से दशरथ ठाकुर, अनिकेत प्रजापति, कान्हा जायसवाल, रोशन मेवाड़ा, रोहित राठौर सहित महिला भजन मंडली की सभी सदस्य बहनें और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।


