सीहोर। नगर पालिका परिषद की प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की बैठक नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में विभिन्न वार्डों से जुड़े 52 महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत प्रस्तावों में सडक़ निर्माण, खेल सुविधाओं का विस्तार और जनसुविधाओं से जुड़े कई प्रमुख निर्माण कार्य शामिल हैं।
प्रमुख वार्डों में स्वीकृत निर्माण कार्य
वार्ड 2: श्री बलवंत जी की चक्की से सम्राट कॉलेज तक तथा पार्वती मेवाड़ा के घर से देवनगर कॉलोनी तक सीसी रोड निर्माण के लिए 31 लाख स्वीकृत किए गए।
वार्ड 4: युवाओं और खिलाडिय़ों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टाउन हॉल बस स्टैंड के समीप आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड निर्माण हेतु 16 लाख 17 हजार मंजूर किए गए।
वार्ड 7: मुरली रोड से ग्वालटोली रोड होते हुए शासकीय स्कूल तक डामरीकरण कार्य के लिए 39 लाख 60 हजार की स्वीकृति मिली।
वार्ड 21: अवधपुरी कॉलोनी में शर्मा जी के घर से पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए इंदौर-भोपाल मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 16 लाख 70 हजार मंजूर किए गए।
वार्ड 34: झुनियावाड़ी क्षेत्र में बड़ा मस्जिद से झुनियावाड़ी डीपी तक सीसी रोड निर्माण हेतु 37 लाख 90 हजार स्वीकृत किए गए।
महिला घाट निर्माण: धार्मिक आस्था और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए महिला घाट पर नदी किनारे नए घाट निर्माण के लिए 29 लाख 64 हजार की राशि स्वीकृत की गई।
हर वार्ड का समान विकास ही प्राथमिकता
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका का मुख्य उद्देश्य केवल सडक़ें बनाना नहीं, बल्कि सीहोर को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और सुंदर शहर बनाना है। उन्होंने कहा बच्चों के लिए खेल मैदान, महिला घाट का सुंदरीकरण और सभी वार्डों में गुणवत्तापूर्ण सडक़ें बनाना हमारे संकल्प का हिस्सा है। नगर पालिका बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है और नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, कार्यपालन यंत्री विजय कोहली, अमित यादव सहित पीआईसी के सभी सभापति, पार्षदगण, इंजीनियर तथा नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


