Sehore News: सीहोर। नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त होने में जब महज एक साल का समय बचा है, तब राज्य सरकार ने जिले के नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की नियुक्तियां कर दी हैं। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद स्थानीय राजनीति में नया उबाल आ गया है। हालांकि इन नियुक्तियों में नियमों को किनारे रखकर शुद्ध रूप से राजनीतिक वफादारी को प्राथमिकता दी गई है।
नियमानुसार एल्डरमैन के पदों पर समाज सेवा, शिक्षा, विधि और नगर प्रशासन का विशेष अनुभव रखने वाले प्रबुद्धजनों को मनोनीत किया जाना चाहिए। इसके उलट सीहोर नगर पालिका सहित जिले भर के निकायों में विशुद्ध रूप से सत्ताधारी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं को ही यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अंतिम वर्ष में हुई यह नियुक्तियां चुनाव से पहले असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को साधने का प्रयास हैं।
सीहोर-आष्टा में 6-6 और परिषदों में 4-4 एल्डरमैनों का मनोनयन
शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषदों में 6-6 और नगर परिषदों में 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। जिले की 2 नगर पालिका सीहोर व आष्टा और 7 नगर परिषदों कोठरी, बुधनी, रेहटी, इछावर, जावर, शाहगंज व भैरूंदा को मिलाकर कुल 36 एल्डरमैन बनाए गए हैं।
निकायवार मनोनीत एल्डरमैनों की पूरी सूची
नगर पालिका परिषद सीहोर: कपिल कुशवाह वार्ड 34, अतुल तिवारी वार्ड 09, तुषार सोनी वार्ड 28, राजेश परिहार वार्ड 24, शेर सिंह राजपूत वार्ड 01 और हर्षा राठौर वार्ड 27 शामिल हैं।
नगर पालिका परिषद आष्टा: डॉ. चंद्रा जैन वार्ड 07, राजीव मालवीय वार्ड 03, शिवलाल प्रजापति वार्ड 16, तोषनारायण भूतिया वार्ड 15, अवनीश पिपलोदिया वार्ड 07 और अलखबंदा सोनी वार्ड 05।
नगर परिषद कोठरी: अरविंद सिंह वार्ड 06, देवकरण सिंह वार्ड 05, देवकरण मालवीय वार्ड 14 और रामसखा वर्मा वार्ड 03।
नगर परिषद बुधनी: लेखराम यादव वार्ड 11, शिवानी यादव वार्ड 08, भोजकुमार विश्वकर्मा वार्ड 13 और अशोक वर्मा वार्ड 10।
नगर परिषदए रेहटी: विमल पंसारी वार्ड 02, विनीत महेश्वरी वार्ड 01, प्रेमनारायण विश्वकर्मा वार्ड 03 और सुनीता ठाकुर वार्ड 02।
नगर परिषद इछावर: महेश चंद्रवंशी वार्ड 02, संतोष गुप्ता वार्ड 15, सीमा बाई वार्ड 10 और शांति बाई वर्मा वार्ड 03।
नगर परिषद जावर: कमल सिंह वार्ड 03, गोविन्द राम मालवीय वार्ड 06, वीणा जोशी वार्ड 07 और योगेश भावसार वार्ड 12।
नगर परिषद शाहगंज: संतोष अहिरवार वार्ड 05, राजीव गौर वार्ड 10, विवेक दुबे वार्ड 13 और अभिषेक पाल।
नगर परिषदए भैरूंदा: ऋषभ जैन वार्ड 14, महेश मेहरा वार्ड 02, शक्ति सोनी वार्ड 07 और नितेश पंवार वार्ड 14 शामिल हैं।
वोट देने की नहीं होगी पात्रता
मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के अनुसार नियुक्त किए गए ये एल्डरमैन परिषदों की आधिकारिक बैठकों में शामिल हो सकेंगे। वे अपने-अपने वार्डों और नगर की जनसमस्याओं, विकास योजनाओं पर अपने विचार व सुझाव रख सकते हैं। एल्डरमैनों को परिषद की बैठकों, अध्यक्ष चुनाव या किसी भी विधायी प्रस्ताव पर मतदान करने का अधिकार नहीं होता है। वे केवल एक गैर मतदाता परामर्शदाता और सहयोगी के रूप में काम करेंगे।
1 साल का छोटा सा कार्यकाल
परिषदों का कार्यकाल अब अंतिम पड़ाव पर है। ऐसे में मनोनीत एल्डरमैनों के पास अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए बेहद कम समय बचा है। एक तरफ जहां कार्यकर्ता इस नियुक्ति से गदगद हैं, वहीं दूसरी तरफ आम नागरिकों की नजर इस बात पर रहेगी कि राजनीतिक पृष्ठभूमि से आए ये नए एल्डरमैन महज औपचारिकता निभाते हैं या वाकई जनता के मुद्दों को परिषद में मजबूती से उठाते हैं।


