सीहोर भाजयुमो में टूटा दशकों पुराना सियासी रिवाज

20 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला संगठन में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सालों से चला आ रहा परंपरागत राजनीतिक ट्रेंड तोड़ते हुए संगठन ने इस बार जिले की बागडोर आष्टा के खाते में डाल दी है। भाजयुमो के इतिहास में यह पहला मौका है जब आष्टा विधानसभा क्षेत्र के किसी युवा नेता को युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा जारी की गई नई कार्यकारिणी सूची में आष्टा क्षेत्र के महेंद्र सिंह ठाकुर बापचा को जिले का नया युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सीहोर विधानसभा से हर्षित मेवाड़ा को जिला महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बुधनी और सीहोर के इर्द-गिर्द घूमती थी कुर्सी
अब तक के भाजयुमो इतिहास पर नजर डालें तो जिलाध्यक्ष का पद मुख्य रूप से सीहोर और बुधनी विधानसभा क्षेत्र के बीच ही सिमट कर रह गया था। एक बार कमान बुधनी के पास होती थी तो अगली बार सीहोर के पास। पहले बुधनी से पूर्व अध्यक्ष रवि मालवीय और राजेश राजपूत रह चुके हैं, जबकि सीहोर से पूर्व अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र पाटीदार रह चुके हैं। इस बार संगठन ने इस पुरानी रवायत को दरकिनार करते हुए आष्टा के युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
मुख्य भाजपा में मिला मौका, पर भाजयुमो में पहली बार
अगर भाजपा के मुख्य संगठन की बात करें तो आष्टा से अब तक तीन नेता जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, जिनमें अनोखीलाल खंडेलवाल, राकेश सुराणा और ललित नागौरी शामिल हैं। जबकि ाजयुमो के गठन के बाद से आज तक आष्टा का कोई भी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाया था। महेंद्र सिंह ठाकुर की नियुक्ति के साथ ही आष्टा के कार्यकर्ताओं का बरसों पुराना इंतजार खत्म हुआ है।
इछावर की झोली इस बार भी रही खाली
एक तरफ जहां आष्टा में नियुक्ति से जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह क्षेत्र इछावर विधानसभा को इस बार भी निराशा ही हाथ लगी है। इछावर का यह राजनीतिक सूखा बरकरार है कि आज तक यहां का कोई भी कार्यकर्ता न तो भाजपा का जिलाध्यक्ष बन पाया है और न ही भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पद का सेहरा इछावर के किसी कार्यकर्ता के सिर बंध सका है।
कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोडक़र मनाया जश्न
महेंद्र ठाकुर को जिलाध्यक्ष और हर्षित मेवाड़ा को जिला महामंत्री बनाए जाने की घोषणा होते ही आष्टा और सीहोर के युवा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने सडक़ों पर उतरकर आतिशबाजी की, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नए पदाधिकारियों को बधाई दीं।