Sehore: बुधनी में फिर दिखा बाघ, मिटे पगमार्ग

20 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। बुधनी क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की आहट से ग्रामीणों की धडक़नें तेज हो गई हैं। महज एक पखवाड़े के भीतर यह दूसरा मौका है, जब बुधनी के रहवासी इलाके के पास बाघ की आवाजाही दर्ज की गई है। इस बार ग्राम किशनपुर में बाघ देखे जाने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड़ में आ गया है और गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है।
बता दें करीब 15 दिन पहले भी बुधनी के रहवासी क्षेत्र से सटे इलाकों में बाघ की देखा गया था। अब एक पखवाड़े बाद फिर से किशनपुर गांव के पास स्थित खेतों और एक निजी फार्म हाउस के आसपास ग्रामीणों ने 14 और 16 जुलाई को बाघ देखने का दावा किया है। बार-बार आबादी वाले इलाकों के करीब बाघ की मौजूदगी से किसान अपने खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।
वन विभाग अलर्ट, गश्त बढ़ाई, गांव में मुनादी
बाघ के बार-बार मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आ गया है। विभाग की टीमों ने खेतों और जंगल से सटे इलाकों में सघन चेकिंग और गश्त बढ़ा दी है। सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग ने किशनपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में से मुनादी करवाई है। ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि शाम ढलने के बाद कोई भी व्यक्ति अकेले घर से बाहर न निकले। खेतों या जंगल की तरफ जाना जरूरी हो तो 4-5 लोगों के समूह में ही जाएं। छोटे बच्चों को घरों के अंदर सुरक्षित रखें और अकेले बाहर न घूमने दें। किसी भी वन्यजीव के दिखने या उसकी आहट मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
बारिश बनी चुनौती, पगमार्क मिटे
क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश वन विभाग की जांच में बाधा बन रही है। बारिश के पानी की वजह से मिट्टी पर बाघ के पगमार्क पूरी तरह मिट चुके हैं, जिससे उसकी लोकेशन ट्रैक करने में दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद वनकर्मी लगातार मुस्तैद हैं।
रील वायरल होने पर सक्रिय हुआ अमला
बुधनी वन परिक्षेत्राधिकारी रेंजरद्ध रचित द्विवेदी के अनुसार किशनपुर क्षेत्र में बाघ के मूवमेंट की पहली जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। रेंजर ने बताया कि भले ही बारिश के कारण स्पष्ट पगमार्क नहीं मिल पाए हैं, लेकिन लगातार दूसरे हफ्ते बाघ की हलचल की खबरों को देखते हुए वन विभाग पूरी गंभीरता से निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।