Sehore: सडक़ पर लगे पुलिस और टीआई जिंदाबाद के नारे..

18 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। गुंडागर्दी और अड़ीबाजी करने वाले अपराधियों के खिलाफ आष्टा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम कोठरी में एक रेस्टोरेंट पर हमला कर 25 हजार रुपये की अड़ीबाजी करने वाले मुख्य आरोपी श्याम पटेल और उसके एक साथी संदीप वर्मा को पुलिस ने धरदबोचा है। इस कार्रवाई के दौरान जब थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने सडक़ पर ही अड़ीबाजों की हेकड़ी निकालते हुए उन पर जमकर लठ कुदाए तो वहां मौजूद पीडि़त परिवार और आम जनता ने बीच सडक़ पर ही आष्टा टीआई जिंदाबाद और पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोठरी में राज रेस्टोरेंट का संचालन करने वाले मुकेश वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम अमलाह का लिस्टेड गुंडा श्याम पटेल अक्सर अपने साथियों के साथ उनके रेस्टोरेंट पर आकर मुफ्त में खाना खाता था और पैसे मांगने पर गाली गलौज करता था।
बीते दिन श्याम पटेल अपने 5 साथियों के साथ सफेद रंग की थार गाड़ी से रेस्टोरेंट पहुंचा और मुकेश से 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। जब मुकेश ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपियों ने मुकेश और उनके बेटे विनय के साथ लाठियों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने रेस्टोरेंट में रखे कांच के काउंटर भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी थार गाड़ी से फरार हो गए।
एसपी के निर्देश पर दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने तुरंत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना को पूरी घटना से अवगत कराया। एसपी के कड़े निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से घेराबंदी की। पुलिस को जल्द ही मुख्य आरोपी श्याम पटेल और उसके साथी संदीप वर्मा को थार गाड़ी सहित ग्राम महोडिय़ा थाना मंडी से दबोचने में सफलता मिल गई। गिरफ्तारी के दौरान जब मुख्य आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में आम्र्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
16 गंभीर मामलों का आरोपी है श्याम पटेल
पकड़ा गया मुख्य आरोपी श्याम पटेल अमलाह क्षेत्र का कुख्यात और लिस्टेड गुंडा है। उसके खिलाफ आष्टा, मंडी और कोतवाली थानों में हत्या का प्रयास, मारपीट और अड़ीबाजी जैसे कुल 16 गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। इस शातिर अपराधी का जिलाबदर का प्रकरण भी कलेक्टरेट न्यायालय में विचाराधीन है।
चार आरोपी अब भी फरार
आष्टा पुलिस ने इस मामले के दो मुख्य आरोपियों श्याम पटेल और संदीप वर्मा को तो सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन उनके चार अन्य साथी अब भी फरार हैं। फरार आरोपियों में शाहरुख, कल्ली उर्फ रेहान, मानव उर्फ कृष्णा परमार और हरिओम रघुवंशी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।