Sehore: इंदौर-भोपाल हाईवे पर मात्र 1 रुपये में मिलेगा सेनेटरी पैड…

17 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षित सफर को ध्यान में रखते हुए देवास-भोपाल कॉरिडोर प्राइवेट लिमिटेड के इवर्टिस फाउंडेशन की सीएसआर प्रबंधन टीम ने एक बेहद संवेदनशील पहल की है। संस्था द्वारा फंदा, अमलाहा और भोरासा टोल प्लाजा के सार्वजनिक महिला शौचालयों में आधुनिक सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित कर दी गई हैं। इस सुविधा के शुरू होने से अब सफर के दौरान जरूरत पडऩे पर कोई भी महिला इन मशीनों में मात्र 1 रुपये का सिक्का डालकर बेहद आसानी से सेनेटरी पैड प्राप्त कर सकेगी।
असहजता और शर्मिंदगी से मिलेगी मुक्ति
इस अच्छी पहल की शुरुआत के अवसर पर सीएसआर प्रबंधन टीम ने बताया कि अक्सर यात्रा के दौरान प्राकृतिक कारणों (मासिक धर्म) से महिलाओं को अचानक असहज परिस्थितियों और मानसिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। हाईवे पर ऐसी स्थिति में सही साधन न मिल पाने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। इसी संवेदनशील और जरूरी परेशानी को समझते हुए तीनों टोल प्लाजा पर यह वेंडिंग मशीन सुविधा प्रारंभ की गई है, ताकि हर महिला पूरे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षित यात्रा जारी रख सके।
सामाजिक दायित्व की दिशा में बड़ा कदम
यह जनहितकारी और अनोखी पहल डीजीएम परियोजना अजय मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा समाजसेवी संजु मालवीय महिला मंडल की उपस्थिति में शुरू की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और उनके स्वास्थ्य व सम्मान की रक्षा करना पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। फाउंडेशन ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं के हित और जन कल्याण से जुड़े ऐसे कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।