Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीते 15 जुलाई को सीहोर जोन-2 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 7 मुरली में विशेष बिजली शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों की बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सुना गया और उनका तत्काल मौके पर ही निपटारा किया गया।
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित नगर पालिका के वार्ड पार्षद विजेन्द्र परमार और बिजली कंपनी के डीजीएम अंकित पालीवाल की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि शिविर के दौरान अलग-अलग श्रेणियों के 10 आवेदकों को बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे, मौके पर ही ऑन स्पॉट नए बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए।
वोल्टेज और झूलते तारों की समस्या से मिली मुक्ति
नया कनेक्शन देने के साथ साथ बिजली कंपनी की तकनीकी टीम ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर भी ध्यान दिया। वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही वोल्टेज के उतार चढ़ाव (लो-वोल्टेज) की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक साबित हो रहे नीचे लटके हुए बिजली के पोल और ढीले तारों को भी टीम ने तुरंत कसकर ठीक करवाया, जिससे रहवासियों ने राहत की सांस ली।
उपभोक्ताओं को उपहार में मिले फलदार पौधे
इस शिविर की एक खास बात यह रही कि जिन उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन के पैनल सौंपे गए्र उन्हें बिजली कंपनी की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से इन पौधों को लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
समस्याओं का त्वरित समाधान ही अभियान का उद्देश्य
इस मौके पर मौजूद मैनेजर साधना कवरेटी और असिस्टेंट मैनेजर विशाल मालवीय ने बताया कि इस संपर्क अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना, उनकी बिजली संबंधी शिकायतों का मौके पर ही तुरंत समाधान करना और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व सेवाओं को और अधिक बेहतर व सुगम बनाना है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय बिजली उपभोक्ता और वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।


