सीहोर में ‘केजी से पीजी’ तक मुफ्त शिक्षा की अलख जगा गए जीतू पटवारी

15 sehore photo 07

सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकली युवा स्वाभिमान यात्रा छात्रों की गूंज बुधवार को जब जिला मुख्यालय पहुंची तो शहर पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आया। इस यात्रा के दौरान जीतू पटवारी ने प्रदेश के परिवारों के दिल को छूने वाली एक बड़ी बात कही। उन्होंने जनसभा में मांग उठाई कि मध्य प्रदेश में केजी (नर्सरी) से लेकर पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) तक की पढ़ाई पूरी तरह से नि:शुल्क होनी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा गरीबी या निर्धनता के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रह सके।
जीतू पटवारी की यह बात वहां मौजूद बड़ी संख्या में आए अभिभावकों के गले उतर गई और इसे जनता का भारी समर्थन मिला। बता दें वर्तमान में शिक्षा के अधिकार के तहत आठवीं तक पढ़ाई तो मुफ्त है्र लेकिन हर साल किताबों और कोर्स का खर्च ही 4000 से 6000 रुपये तक आता है जो गरीब परिवारों पर भारी पड़ता है।
कोठरी से सीहोर तक हुआ जोरदार शक्ति प्रदर्शन
बुधवार सुबह आष्टा में रात्रि विश्राम के बाद यह साइकिल यात्रा कोठरी, अमलाहा, सौंडा, नापली और मुगीसपुर होते हुए सीहोर शहर में दाखिल हुई। शहर के इंदौर नाका, लीसा टॉकीज और बड़ा बाजार में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी साइकिलों के साथ यात्रा में शामिल हो गए। पूरे मार्ग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह देखा गया।
90 पेपर लीक, 50 परीक्षाएं रद्द
कोतवाली चौराहे पर आयोजित जनसभा में जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि एक मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए खून पसीना एक कर देता है, लेकिन डिग्री मिलने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। देश में पिछले कुछ सालों में 90 बार पेपर लीक हुए और 50 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। नीट जैसी परीक्षाओं के विवाद के कारण छात्र मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर हुए, लेकिन सरकार दोषियों को बचाने में लगी है।
यहां से भोपाल रवाना हुई यात्रा
सभा में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश के परेशान युवाओं, बेरोजगारों और कर्ज व समर्थन मूल्य के लिए भटक रहे किसानों के अधिकारों की लड़ाई है। सीहोर में जनसभा के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का यह काफिला आनंद डेयरी चौराहा्र बस स्टैंड और सेकड़ाखेड़ी रोड होते हुए फंदा टोल टैक्स के रास्ते भोपाल के लिए रवाना हो गया।
जिला संगठन ने झोंकी ताकत
इस पूरी यात्रा को सीहोर में सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में सभी पदाकिारियों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने पूरी दमखम लगा दी। यात्रा में जिले के बुदनी, भैरुंदा, रेहटी, शाहगंज, लाडक़ुई, इछावर, आष्टा, दोराहा, श्यामपुर, जावर, कोठरी सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सीहोर पहुंचे।