Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश के युवाओं, बेरोजगार छात्रों और परेशान किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही दो दिवसीय युवा स्वाभिमान यात्रा का आज दूसरा दिन है। आष्टा में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह यह यात्रा सीहोर के लिए रवाना हो चुकी है। इस यात्रा को लेकर सीहोर बॉर्डर से लेकर जिला मुख्यालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और यात्रा के भव्य स्वागत के लिए सीहोर शहर के प्रमुख चौराहों और रास्तों पर जगह-जगह स्वागत मंच सजाए गए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इंदौर, देवास और सोनकच्छ से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा दौलतपुर, मेहतवाड़ा और डोडी होते हुए मंगलवार शाम आष्टा पहुंची थी। यात्रा के दौरान जावर जोड़ पर ग्रामीण छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर एक सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जीतू पटवारी ने छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ। बुधवार सुबह यह यात्रा आष्टा से आगे के सफर पर निकल चुकी है और कोठरी, अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर होते हुए सीहोर मुख्यालय में प्रवेश करेगी।
सीहोर शहर के इंदौर नाकाए बढय़िाखेड़ी और बड़ा बाजार होते हुए यात्रा जिला मुख्यालय के कोतवाली चौराहा पहुंचेगी, जहां एक विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद यह यात्रा आनंद डेरी चौराहा, बस स्टैंड, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल टैक्स होते हुए राजधानी भोपाल की ओर रवाना होगी। भोपाल पहुंचकर प्रदेशभर से जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र मिलकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।


