Sehore News: सीहोर। जिले की सडक़ों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल मंगलवार को रेहटी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद आज बुधवार तडक़े बुधनी के मिडघाट सेक्शन में एक और भीषण सडक़ हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-46बी पर सडक़ किनारे खराब खड़े एक डंपर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार आइसर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार बुधवार तडक़े करीब 4 बजे नेशनल हाईवे-46बी पर एक डंपर अचानक खराब हो गया था। चालक ने वाहन को सडक़ के किनारे खड़ा किया और नीचे उतरकर उसे ठीक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक आइसर ट्रक के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण खड़े डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों वाहनों का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक युवक और एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुधनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को रेस्क्यू किया और अस्पताल भिजवाया। बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों व घायलों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
कल रेहटी में पलट गई थी ओवरलोड पिकअप
इससे ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को रेहटी तहसील के भैसान गांव के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ था। रोजगार की तलाश में धान रोपाई के लिए खेतों की तरफ जा रहे गरीब मजदूरों से खचाखच भरी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अचानक पलट गई थी। माल ढोने वाली इस छोटी सी पिकअप गाड़ी में क्षमता से कई गुना ज्यादा यानी 40 से भी अधिक मजदूरों को ठूस-ठूस कर भरा गया था। रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर काबू खो बैठा और गाड़ी पलट गई। इस हादसे में भिलाई की रहने वाली अनीता पति पतिराम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद भेरुंदा अस्पताल रेफर किया गया।


