Sehore News: सीहोर। रेहटी तहसील अंतर्गत ग्राम भैसान के पास मंगलवार को दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। धान रोपाई के लिए मजदूरों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसारए पिकअप वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक यानी 40 से ज्यादा मजदूर सवार थे। जब वाहन भैसान गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक संतुलन बिगडऩे से वह सडक़ पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोग दूर-दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
गंभीर घायल भेरुंदा रेफर, एक की मौत
बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में मृत महिला की पहचान अनीता पति पतिराम निवासी भिलाई के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए 30 से अधिक लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल भेरुंदा अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
नियमों की धज्जियां उड़ा रहे मालवाहक वाहन
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर मालवाहक वाहनों में इंसानों को भूसे की तरह भरा जा रहा है। वर्तमान में धान रोपाई का सीजन चल रहा है, जिसके कारण चकल्दी, लाडक़ुई और आसपास के आदिवासी इलाकों से रोज सैकड़ों मजदूरों को इन्हीं खतरनाक परिस्थितियों में खेतों तक लाया ले जाया जाता है।


