इंदौर से पटवारी की यात्रा शुरू, सीहोर बार्डर पर तैयारियां जारी

14 sehore photo 03

Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश के युवाओं, बेरोजगार छात्रों और बदहाल किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकलने जा रही दो दिवसीय युवा स्वाभिमान यात्रा छात्रों की गूंज आज मंगलवार को सीहोर जिले की सीमा में प्रवेश कर रही है। इंदौर से शुरू हुई इस साइकिल यात्रा को लेकर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। जिला कांग्रेस कमेटी ने पीसीसी चीफ की इस अगुवाई और यात्रा की सफलता के लिए सीहोर बॉर्डर से लेकर जिला मुख्यालय तक अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन के सभी विभागों, मोर्चों और प्रकोष्ठों को मैदान संभालकर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इंदौर, देवास और सोनकच्छ से होते हुए यह विशाल साइकिल यात्रा आज 14 जुलाई को सीहोर जिले की सीमा में दाखिल होगी। आज यह यात्रा दौलतपुर, सरहद्दी, मेहतवाड़ा, जावर जोड़ और डोडी होते हुए शाम तक आष्टा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान जावर जोड़ पर ग्रामीण छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर एक विशेष और सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें जीतू पटवारी छात्रों की समस्याएं सुनेंगे। आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद का आयोजन होगा, जिसके बाद पहले दिन की यात्रा का पड़ाव और रात्रि विश्राम आष्टा में ही रहेगा।
कल सीहोर में महासभा
यात्रा के दूसरे दिन यानी बुधवार 15 जुलाई को यह यात्रा आष्टा से चलकर कोठरी, अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर, इंदौर नाका, बढिय़ाखेड़ी, लीसा टॉकीज चौराहाए बड़ा बाजार और मेन रोड होते हुए दोपहर तक सीहोर जिला मुख्यालय के कोतवाली चौराहा पहुंचेगी। कोतवाली चौराहा पर एक विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद यह यात्रा आनंद डेरी चौराहा, बस स्टैंड, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल टैक्स होते हुए राजधानी भोपाल की ओर कूच करेगी। भोपाल पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ता व छात्र मिलकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
शिक्षा् रोजगार और स्वाभिमान को बचाने का संकल्प
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिले के सभी छात्र-छात्राओं, युवा साथियों, किसान भाइयों और आम जनता से इस स्वाभिमान यात्रा में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह मध्य प्रदेश में चौपट हो चुकी शिक्षा व्यवस्था, बेलगाम बेरोजगारी्र लगातार हो रहे पेपर लीक और युवाओं के स्वाभिमान को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई है। जब तक युवाओं को उनका हक नहीं मिल जाता, कांग्रेस सडक़ पर संघर्ष जारी रखेगी।
सभी प्रकोष्ठों को मुस्तैद रहने के निर्देश
इस दो दिवसीय यात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेसए युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस समेत एससी एसटी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को रूट के अलग-अलग पॉइंट्स पर मुस्तैद रहने और स्वागत की भव्य तैयारियां रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।