Sehore News: सीहोर। जिले में मानसून पूरी तरह से सक्रिय बना हुआ है और झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बार सीजन की शुरुआत से ही इंद्रदेव जिले पर मेहरबान नजर आ रहे हैं, जिसके चलते पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष अब तक काफी बेहतर बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश के आंकड़ों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, जहां एक तरफ आष्टा ब्लॉक बारिश के मामले में सबसे आगे यानी अव्वल चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ श्यामपुर अब तक सबसे पीछे यानी फिसड्डी साबित हुआ है।
भू अभिलेख शाखा द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक जारी मानसून सीजन में 1 जून से लेकर अब तक जिले में औसतन 11.10 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। राहत की बात यह है कि पिछले साल इसी अवधि में जिला केवल 9.66 इंच वर्षा पर ही सिमट गया था। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब डेढ़ इंच से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे किसानों और आम जनता के चेहरे खिल उठे हैं।
आष्टा में सबसे ज्यादा पानी बरसा
इस सीजन में अब तक की कुल बारिश पर नजर डालें तो आष्टा ब्लॉक जिला मुख्यालय समेत अन्य सभी क्षेत्रों को पछाड़ते हुए शीर्ष पर बना हुआ है। आष्टा में अब तक रिकॉर्ड 15.75 इंच बारिश हो चुकी है। इसके उलट श्यामपुर क्षेत्र में मानसून की रफ्तार बेहद सुस्त है। यहां अब तक का आंकड़ा महज 6.65 इंच पर ही अटका हुआ है, जो आष्टा के मुकाबले आधे से भी कम है और इसे जिले में सबसे फिसड्डी पायदान पर रखता है। 24 घंटों के दौरान जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सर्वाधिक 0.24 इंच वर्षा श्यामपुर क्षेत्र में दर्ज की गई। रेहटी में 0.18 इंच और जिला मुख्यालय में 0.02 इंच बारिश हुई। आष्टा, जावर, इछावरए भैरूंदा और बुधनी विकासखंडों में इस अवधि में कोई बारिश नहीं हुई।
अब तक कहां कितनी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अब तक आष्टा विकासखंड में सर्वाधिक 15.75 इंच वर्षा दर्ज हुई है। इसके बाद भैरूंदा में 14.45 इंच, जावर में 12.74 इंच और इछावर में 12.56 इंच बारिश हुई है। वहीं रेहटी में 9.22 इंच, सीहोर मुख्यालय पर 9.07 इंच और बुधनी में 8.39 इंच वर्षा दर्ज की गई है। जिले में सबसे कम बारिश श्यामपुर क्षेत्र में हुई है, जहां यह आंकड़ा 6.65 इंच है।


