Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड और चाणक्यपुरी कॉलोनी के रहवासियों का गुस्सा रविवार दोपहर सातवें आसमान पर पहुंच गया। निर्माणाधीन ओवरब्रिज में कथित लापरवाही और लंबे समय से लंबित सर्विस रोड की मांग को लेकर आक्रोशित लोग सडक़ों पर उतर आए। रहवासियों ने ओवरब्रिज के पास ही चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में लोगों ने सडक़ पर ही बैठकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ हवन भी किया।
विरोध जता रहे लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से सर्विस रोड की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। कई बार आवेदन देने और गुहार लगाने के बाद भी उन्हें सिर्फ खोखले आश्वासन मिले। ओवरब्रिज निर्माण की कछुआ चाल और सर्विस रोड न होने से कॉलोनियों के लोग धूल, कीचड़ और रोज-रोज के हादसों से त्रस्त हो चुके हैं। रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
विधायक सुदेश राय ने बंद कराया काम
चक्काजाम और भारी विरोध की सूचना मिलते ही विधायक सुदेश राय तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ जनता के दर्द को समझा, बल्कि अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक जनता के लिए सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक ओवरब्रिज का आगे का काम पूरी तरह बंद रहेगा। इतना ही नहीं विधायक ने मौके पर मौजूद कोतवाली टीआई रवीन्द्र से कहा कि कि आप इन सभी निर्माण मशीनों की चाबियां निकाल लें।
प्रशासन को अल्टीमेटम
विधायक के इन तेवरों के बाद निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है। रहवासियों ने विधायक सुदेश राय के इस कदम की सराहना की है, लेकिन साथ ही ब्रिज कॉर्पोरेशन और प्रशासन को चेताया है कि जब तक धरातल पर सर्विस रोड का काम शुरू नहीं होता, उनका रुख विरोध जारी रहेगा।


