Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश की सियासत में साइकिल पॉलिटिक्स की जोरदार एंट्री हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार सुबह सबको चौंकाते हुए अचानक साइकिल चलाते हुए सीहोर पहुंचे। उन्होंने भोपाल से सीहोर तक का पूरे 50 किलोमीटर का लंबा सफर साइकिल से तय किया। जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के उद्देश्य से बिना किसी पूर्व बड़े लाव-लश्कर के शुरू हुई इस यात्रा ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
जीतू पटवारी के अचानक सीहोर पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय कांग्रेसी खेमे में सरगर्मी बढ़ गई। सीहोर की सीमा में दाखिल होते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अचानक मिली सरप्राइज विजिट से स्थानीय कार्यकर्ताओं में एक नया जोश देखने को मिला।
चिंतामन गणेश मंदिर में टेका माथा
सीहोर आगमन के तुरंत बाद जीतू पटवारी सीधे प्रसिद्ध प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। पटवारी ने भगवान गणेश से मध्य प्रदेश की तरक्की, खुशहाली और जनता की समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की।
अलीबाबा चालीस चोर की तरह चल रही सरकार
मंदिर परिसर से बाहर निकलने के बाद जीतू पटवारी अपने पुराने आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इस समय मध्य प्रदेश में अद्भुत और अकल्पनीय भ्रष्टाचार का बोलबाला है। पटवारी ने तंज कसा कि प्रदेश की वर्तमान व्यवस्था अलीबाबा चालीस चोर की तरह काम कर रही है, जहां चारों तरफ सिर्फ जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने अयोध्या में जमीन घोटालों और उज्जैन के महाकाल लोक निर्माण में हुई कथित लूट का जिक्र करते हुए कहा कि इन गंभीर मुद्दों पर सूबे के मुख्यमंत्री पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।
दतिया में कांग्रेस की होगी ऐतिहासिक जीत
इस दौरान पटवारी दतिया विधानसभा उप चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। हालिया दतिया दौरे का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि दतिया की जनता में भाजपा शासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोग अब इस कुशासन से तंग आ चुके हैं और बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में दतिया से कांग्रेस शत-प्रतिशत ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
14-15 तारीख से कांग्रेस का बड़ा अभियान
साइकिल से सीहोर आए पटवारी ने कांग्रेस के आगामी बड़े विजन का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि आगामी 14 और 15 तारीख को कांग्रेस नई सोच और क्रांतिकारी विचार के साथ पूरे मध्य प्रदेश में जनता के बीच जाएगी।


