राजनीति के मैदान में समधी-समधी, बीजेपी में तोमर तो कांग्रेस में भाटी, दोनों दलों में बढ़ा कद

04 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। कहते हैं राजनीति में कब क्या देखने को मिल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही एक बेहद दिलचस्प और अनूठा सियासी संयोग इन दिनों मध्य प्रदेश की राजनीति और खासकर सीहोर जिले के बुधनी में चर्चा का विषय बना हुआ है। दो धुर विरोधी और प्रतिद्वंदी राजनीतिक दलों में अब समधी-समधी का जलवा देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर हैं, वहीं दूसरी तरफ अब उनके समधी ठाकुर अनूप सिंह भाटी को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है।
दरअसल कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में संगठन को नए सिरे से मजबूती देने के लिए लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा देश और प्रदेश स्तर पर नई संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। इस नई सूची में बुधनी विधानसभा के कद्दावर नेता और धनकोट निवासी ठाकुर अनूप सिंह भाटी को मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। अनूप सिंह भाटी के इस ऊंचे पद पर आते ही राजनीति के गलियारों में इस दिलचस्प पारिवारिक रिश्ते की चर्चाएं एक बार फिर आम हो गई हैं।
रिश्ता अपनी जगह, राजनीति अपनी जगह
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह मध्य प्रदेश की राजनीति का एक बेहद खूबसूरत चेहरा है। एक तरफ जहां नरेंद्र सिंह तोमर बीजेपी के शीर्ष नेताओं में शुमार हैं और फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष के रूप में संवैधानिक पद संभाल रहे हैं, वहीं उनके समधी ठाकुर अनूप सिंह भाटी जमीनी स्तर पर किसान कांग्रेस के माध्यम से कांग्रेस की जड़ों को मजबूत करने का काम करेंगे। भले ही दोनों के घर पारिवारिक रिश्तों की डोर से बंधे हों, लेकिन सियासत के मैदान में दोनों की राहें और पार्टियां एक-दूसरे की धुर विरोधी हैं।