सीहोर में जिपं. अध्यक्ष को मिला सम्मान…

02 sehore photo 13

Sehore News: सीहोर। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आजीविका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा शुरू की गई विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण बीबीजी रामजी अधिनियम का गुरुवार को जिलास्तरीय भव्य शुभारंभ हुआ। ग्राम पाटन में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में जहां एक ओर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत हुई, वहीं दूसरी ओर हाल ही में उपजे एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद का पटाक्षेप भी देखने को मिला।
दरअसल पिछले दिनों इछावर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सरकारी बैनर से जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा का फोटो पूरी तरह नदारद था, जिस पर उनके पति सुरेंद्र सिंह मेवाड़ा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। इस विवाद के बाद पाटन में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम के मुख्य बैनर पर प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा को बड़ा और प्रमुख स्थान दिया गया, जो पूरे कार्यक्रम में चर्चा का केंद्र रहा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सुना लाइव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुदेश राय सम्मिलित हुए। इस दौरान उपस्थित भारी जनसमुदाय और ग्रामीणों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन को लाइव सुना। जिलास्तरीय कार्यक्रम को लेकर पाटन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय और जिपं अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मेवाड़ा का स्वागत किया।
मजदूरों को मिलेगा 125 दिन का पक्का काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह योजना ग्रामीणों के कल्याण के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना के अंतर्गत अब ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को साल में नियमित रूप से 125 दिन से अधिक का पक्का काम मिलेगा। साथ ही मजदूरी के रूप में प्रतिदिन 327 रुपये दिए जाएंगे। विधायक ने जोर देकर कहा कि इस योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा और विकसित भारत के निर्माण में गांवों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।
सशक्त ग्राम, समृद्ध भारत का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय के निर्देशन में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने सशक्त ग्राम, समृद्ध भारत और विकसित राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने की सामूहिक शपथ ली। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश देते हुए ग्राम पंचायत परिसर में सघन वृक्षारोपण किया गया। विधायक राय ने उपस्थित ग्रामीणों से पौधों की उचित देखरेख और सुरक्षा करने का आग्रह भी किया।