सीहोर। श्यामपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीलूखेड़ी में एक विवादित जमीन पर बोवनी का कार्य कराने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर दिया। समझाइश देने के दौरान अनावेदकों ने अचानक लाठी, कुल्हाड़ी और दरांती से हमला बोल दिया। इस झड़प में पीडि़त पक्ष के ट्रैक्टर चालक के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं कानून व्यवस्था संभालने मौके पर मौजूद एक महिला आरक्षक भी घायल हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदपुर थाना पुलिस ने तहसीलदार के शिकायती पत्र और पटवारी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
श्यामपुर तहसीलदार श्याम नंदन चंदेले ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पीलूखेड़ी में भोपाल रक्षाविहार डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले अवधेश सेंगर पिता कमलसिंह की करीब सवा तीन हेक्टेयर निजी कृषि भूमि खसरा नंबर 127/7, 126/2, 126/3 व अन्य है। इस जमीन पर पिछले साल भी अवधेश सेंगर ने ही सोयाबीन की फसल बोई थी और लंबे समय से उन्हीं का कब्जा चला आ रहा है। लेकिन इस साल गांव के ही रहने वाले पर्वत सिंह, राजेंद्र सिंह और विश्राम सिंह द्वारा अवधेश सेंगर को अपनी ही जमीन पर बोवनी करने से रोका जा रहा था और अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
30 जून को मिला आवेदन, 1 जुलाई का पहुंचा अमला
पीडि़त भूमिस्वामी अवधेश सेंगर ने फसल बोने में आ रही बाधा और जान के खतरे को देखते हुए 30 जून को तहसील कार्यालय श्यामपुर में आवेदन देकर प्रशासनिक संरक्षण और पुलिस सहायता की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसीलदार श्याम नंदन चंदेले ने तुरंत कार्रवाई की और अगले ही दिन 1 जुलाई को अहमदपुर थाना प्रभारी को पत्र जारी कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
समझाने गए तो टूट पड़े आरोपी
शांति भंग होने की आशंका के चलते तहसीलदार श्याम नंदन चंदेले और अहमदपुर टीआई खुद पुलिस बल और हल्का पटवारी सुमित मीना को साथ लेकर 1 जुलाई की दोपहर करीब 12.30 बजे मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया हम मौके पर पहुंचकर अनावेदक विश्राम सिंह, पर्वत सिंह आदि को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार इस भूमि के असली मालिक अवधेश सेंगर ही हैं्र इसलिए उन्हें शांतिपूर्वक कृषि कार्य करने दिया जाए। लेकिन समझाइश के दौरान ही अनावेदक अचानक उग्र हो गए। देखते ही देखते आरोपी विश्राम सिंह, पर्वत सिंह, राजेंद्र सिंह, सीताबाई, क्षिप्रा बाई, कलावती बाई और उनके कुछ अन्य साथियों ने लाठी, कुल्हाड़ी और दरांती से अवधेश सेंगर और उनके सहयोगियों पर हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में खेत में ट्रैक्टर चला रहे अवधेश के सहायक के सिर में कुल्हाड़ी लाठी लगने से गहरी चोट आई। वहीं बीच-बचाव करने उतरीं पुलिस टीम की एक महिला आरक्षक को भी चोटें आईं।
पटवारी की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज
घटना के तुरंत बाद मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया। शासन और तहसीलदार कार्यालय की ओर से अहमदपुर थाना प्रभारी को वैधानिक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके बाद हल्का नंबर 13 के पटवारी सुमित मीना पिता रविशंकर मीना ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। अहमदपुर पुलिस ने आरोपी विश्राम सिंह, पर्वत सिंह, राजेंद्र सिंह, सीताबाई, क्षिप्रा बाई और कलावती बाई के खिलाफविभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।


