Sehore News: सीहोर। जावर-कजलास रोड पर गुरुवार करीब 12 बजे एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। पाटीदार पेट्रोल पंप कजलास के समीप सवारियों से भरी एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
बता दें इन दिनों क्षेत्र में लगातार बारिश का मौसम बना हुआ है, जिससे सडक़ों पर भारी फिसलन है। बताया जा रहा है कि कजलास के पास पाटीदार पेट्रोल पंप के समीप मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसा होते ही आस-पास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के भीतर फंस घायल यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
जावर पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही जावर पुलिस टीम और 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस के पायलट जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही वे टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जावर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जावर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
दो महिलाओं की हालत गंभीर, आष्टा रेफर
इस हादसे में करीब एक दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आष्टा सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। गंभीर रूप से घायलों में शामिल हैं, जिनमें उर्मिला बाई उम्र 50 वर्ष निवासी पिपलरावां और संजू बाई उम्र 32 वर्षद्ध निवासी खुदखेड़ा शामिल हैं। बाकी घायलों का इलाज जावर के अस्पताल में ही चल रहा है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


