Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार के जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन समारोह इछावर में एक बड़े सियासी और प्रशासनिक संग्राम में तब्दील हो गया है। सरकारी बैनर-पोस्टरों से जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा और प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की तस्वीरें गायब होने पर न सिर्फ प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ीं, बल्कि इसने एक गंभीर राजनीतिक विवाद को भी जन्म दे दिया है। अपनी अध्यक्ष पत्नी का यह अपमान देख उनके पति और इछावर विधानसभा क्षेत्र में तेजी से लोकप्रिय हो रहे सुरेंद्र मेवाड़ा की नाराजगी सातवें आसमान पर पहुंच गई। इछावर विधानसभा क्षेत्र में सुरेंद्र मेवाड़ा की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच हुए इस घटनाक्रम को अब सियासी गलियारों में सीधे तौर पर राजनीतिक प्रतिद्वंदता से जोडक़र देखा जा रहा है।
बता दें जल स्रोतों के संरक्षण के लिए चले इस अभियान का मुख्य समापन कार्यक्रम इछावर जनपद पंचायत में आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के कद्दावर नेता और सूबे के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मंच पर मौजूद थे। शासकीय नियमों के अनुसार ऐसे बड़े आयोजनों में विभागीय कैबिनेट मंत्री और स्थानीय जिला पंचायत अध्यक्ष का फोटो होना अनिवार्य है। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर लगे मुख्य बैनर से पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा की तस्वीरें पूरी तरह गायब थीं, जिसे मेवाड़ा खेमे ने निर्वाचित जनप्रतिनिधि का घोर अपमान माना।
इछावर में तेजी से बढ़ रहा सुरेंद्र का कद
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा के पति सुरेंद्र मेवाड़ा की नाराजगी और उनकी राजनीतिक एंट्री से आया है। बता दें कि सुरेंद्र मेवाड़ा पिछले काफी समय से इछावर विधानसभा क्षेत्र में जमीन पर बेहद मजबूत पकड़ बना रहे हैं और बड़ी तेजी से सक्रिय हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि बैनर से जिपं अध्यक्ष का फोटो गायब करना कोई प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सोची-समझी राजनीतिक चाल है। क्षेत्र में सुरेंद्र मेवाड़ा के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए इस तरह की कागजी सियासत का सहारा लिया जा रहा है।
मंच पर फूटा गुस्सा
अपनी पत्नी और जिला पंचायत अध्यक्ष के सम्मान से हुए इस खिलवाड़ पर सुरेन्द्र मेवाड़ा और समर्थकों ने कार्यक्रम स्थल पर ही गहरा आक्रोश व्यक्त किया। सुरेन्द्र मेवाड़ा ने कड़ा रुख अपनाते हुए इछावर जनपद पंचायत के अधिकारियों से नाराजगी जताई।


