Sehore: लगे ‘नगर पालिका हाय-हाय’ के नारे…

30 sehore photo 15

Sehore News: सीहोर। तेज बारिश के बाद आष्टा नगर में हुए जलभराव और प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर अब राजनीति गरमा गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर जहां एक तरफ व्यापारियों और आम जनता का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नगर पालिका हाय-हाय तथा सीएमओ हाय-हाय के नारे लगाए, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता हरपाल सिंह ठाकुर ने इस मुद्दे पर सत्ताधारी दल भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तंज कसते हुए लिखा भाजपा नेताओं ने ही भाजपा के डबल इंजन विकास के दावों की हवा निकाल दी है।
कांग्रेस नेता हरपाल सिंह ठाकुर ने आष्टा की बदहाली को लेकर लिखा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, आपके विकास और अभिनंदन की पोल आपकी ही पार्टी के नेता खोल रहे हैं। उन्होंने लिखा मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है, आष्टा नगर पालिका में भाजपा का परिषद है और जहां जलभराव की विकराल समस्या आई है, वहां के दोनों पार्षद प्रतिनिधि भी भाजपा से ही जुड़े हैं। इसके बावजूद वहां जनता के साथ मिलकर नगर पालिका हाय-हाय के नारे लगाए जा रहे हैं।
यह चोर-सिपाही का खेल बंद करो
हरपाल सिंह ठाकुर ने भाजपा जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि यह जनता के साथ चोर सिपाही का खेल खेलने जैसा है। उन्होंने कहा यदि आपने मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और स्थानीय विधायक को जलभराव की समस्या से पहले अवगत नहीं कराया था तो सबसे पहले दोनों पार्षद प्रतिनिधियों को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और वार्ड की जनता व व्यापारियों से हाथ जोडक़र माफी मांगनी चाहिए।
सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि इन जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और विधायक से इस समस्या को हल करने की मांग की थी और इसके बावजूद सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की तो फिर नारा सिर्फ नगर पालिका के खिलाफ क्यों, तब तो मुख्यमंत्री समेत सबके खिलाफ मोर्चा खोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अब यह खुलकर स्वीकार कर लेना चाहिए कि उनके प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और विधायक इस समस्या को दूर करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।