पार्षदों के हिसाब-किताब का दौर शुरू, वार्ड 1 की जनता ने किया चक्काजाम

30 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। नगर पालिका चुनाव को अब चार साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में शहर के सभी 35 वार्डों में विकास कार्यों और जनप्रतिनिधियों के वादों को लेकर जनता के बीच हिसाब-किताब का दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और नगर पालिका की वादाखिलाफी से नाराज वार्ड क्रमांक 1 के रहवासियों का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। सडक़ निर्माण न होने से आक्रोशित नागरिकों ने कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर उग्र प्रदर्शन किया।
बता दें कोलीपुरा चौराहा शहर का व्यस्त क्षेत्र है। मंगलवार सुबह जैसे ही वार्ड 1 के रहवासी सडक़ पर उतरे, वहां चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन में पुरुष, बुजुर्गों के साथ महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं और सडक़ के बीचों-बीच बैठकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस चक्काजाम के कारण दफ्तर जाने वाले लोग, स्कूली बसें और व्यापारिक वाहन जहां के तहां फंस गए और शहर का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
कीचड़-गड्ढों में जीने को मजबूर
स्थानीय निवासियों ने मीडिया कहा कि वे पिछले कई सालों से कीचड़, धूल और गहरे गड्ढों वाली सडक़ का दंश झेल रहे हैं। रहवासियों का सीधा आरोप है कि हर चुनाव में नेता सडक़ बनवाने का बड़ा-बड़ा वादा करते हैं, लेकिन चुनाव जीतते ही जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। नागरिकों के अनुसार सडक़ इतनी जर्जर है कि बुजुर्ग और स्कूली बच्चे आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। नगर पालिका से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक दर्जनों बार गुहार लगाने के बाद भी जब चार सालों में कोई सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरन जनता को सडक़ पर उतरना पड़ा।
लिखित गारंटी पर अड़े नागरिक
चक्काजाम की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने की काफी कोशिश की, लेकिन 4 साल की वादाखिलाफी से नाराज रहवासी अपनी मांग पर अड़े रहे। नाराज लोगों का साफ कहना था कि अब वे केवल मौखिक आश्वासनों के झांसे में नहीं आएंगे। जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर सडक़ निर्माण का लिखित आश्वासन और उसकी डेडलाइन तय नहीं करते, तब तक चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा।