Sehore: राजीव बोले- शिवराज जी के बेटे ही बड़े हो गए…

30 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान इन दिनों कांग्रेस के सीधे निशाने पर हैं। दो दिन पहले भैरुंदा में नगर परिषद द्वारा कार्तिकेय चौहान से एक सडक़ का भूमिपूजन कराने पर मचे सियासी घमासान के बीच अब कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने भी मोर्चा खोल दिया है। बुदनी दौरे पर पहुंचे राजीव गुजराती ने नेशनल हाईवे 146 के निर्माण में हो रही लेटलतीफी को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे पर तंज कसा है।
जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि इस नेशनल हाईवे का निर्माण पिछले 6 वर्षों से कछुआ गति से चल रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा जब इस रोड का भूमिपूजन हुआ था, तब शिवराज जी का बेटा आया था। अब रोड तो पूरी नहीं हो पाई, लेकिन उनका बेटा बड़ा होकर खुद भूमिपूजन करने लगा है। भैरुंदा मामले पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि अवैध तरीके से भूमिपूजन भले करा लो, लेकिन कम से कम जनता के काम तो पूरे कराओ।
धरने पर बैठेंगे कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सडक़ का निर्माण कछुआ गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गोपालपुर के रास्ते सडक़ निकालकर किसानों को परेशान किया गया और फिर रूट बदल दिया गया। आखिरकार बीजेपी सरकार चला रही है या सर्कस।
राजीव गुजराती ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सडक़ का काम ठीक से पूरा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता के पैसों की बर्बादी के खिलाफ नेशनल हाईवे पर बैठकर उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी। गौरतलब है कि इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जहांजपुरा पहुंचकर अवैध रेत भंडारण की शिकायतों का भी जायजा लिया।