Sehore News: सीहोर। आष्टा स्थित सिविल अस्पताल से शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां अस्पताल में रात की ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ एक महिला और कुछ युवकों ने मिलकर मारपीट कर दी। अस्पताल में हुई इस घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में भारी आक्रोश है। यह पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल में डॉक्टर बीएल परमार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आष्टा की ही रहने वाली एक महिला अपने बेटे को लेकर अस्पताल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि महिला के बेटे के इलाज या किसी अन्य बात को लेकर डॉक्टर परमार से उनकी मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला और उसके साथ आए युवकों ने आपा खो दिया और डॉक्टर के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के तुरंत बाद पीडि़त डॉक्टर बीएल परमार ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला और युवकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ आरोपी महिला ने भी डॉक्टर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस में एक शिकायती आवेदन दिया है, जिसमें उन्होंने डॉक्टर पर दुव्र्यवहार का आरोप लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।


