‘मेट्रो स्टेशन’ का झूठा सपना दिखाकर सीहोर में बेचे जा रहे फार्म हाउस…

15 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। शहर के पचामा-लसुडिय़ा रोड पर इन दिनों भूमाफियाओं का एक नया और अनोखा कारनामा सामने आया है। यहां एक लंबी-चौड़ी (करीब 50 एकड़) कृषि भूमि पर अवैध रूप से फार्म हाउस काटे जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इन फार्म हाउसों को बेचने के लिए सीधे-सादे निवेशकों और खरीदारों को यह झांसा दिया जा रहा है कि भविष्य में ठीक इसी जगह के पास मेट्रो स्टेशन बनने वाला है। इस फर्जी दावे के जाल में फंसकर कई लोग अपनी गाढ़ी कमाई यहां फंसा रहे हैं।
जब हकीकत यह है कि शासन-प्रशासन की ओर से अब तक सीहोर में मेट्रो प्रोजेक्ट या सीहोर के भीतर मेट्रो स्टेशन कहां बनना है, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कोई भी आदेश या गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद भूमाफिया और उनके एजेंट धड़ल्ले से ‘मेट्रो स्टेशन’ का झूठा सपना दिखाकर फार्म हाउस विक्रय के लिए ग्राहक ढंूढने में लगे हैं।
भोले-भाले लोगों को लूट से बचाने की चुनौती
मेट्रो के नाम पर हो रही इस धोखाधड़ी के कारण उन भोले-भाले लोगों पर संकट मंडरा रहा है, जो अपने आशियाने या निवेश के लिए जीवनभर की पूंजी लगा देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में यह एक बहुत बड़ा भू-घोटाला साबित हो सकता है।
प्रशासन को आना होगा आगे
अवैध कॉलोनियों और फार्म हाउस के इस जाल को तोडऩे के लिए अब जिला प्रशासन और स्थानीय अमले को सख्त कदम उठाने होंगे। जनता की मांग है कि पचामा-लसुडिय़ा रोड पर चल रहे इस अवैध निर्माण की तुरंत जांच की जाए, भ्रामक प्रचार करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता इस ठगी का शिकार होने से बच सके।