Sehore: अरोरा को मिला ‘अपनापन’ के लिए निमंत्रण

24 sehore photo 09

Sehore News: सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने जिला मुख्यालय पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का इंदौर-भोपाल रोड पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व नपाध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर अपने नेता की अगवानी की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गर्मजोशी से सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा को आगामी 26 मई को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहे अपनी पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया।
बता दें जिलावासियों के लिए गौरव का एक और बड़ा अवसर आया है। क्षेत्रीय नेता व वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अब एक लेखक के रूप में दुनिया के सामने आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और उनके साथ बिताए तीन दशकों से अधिक के जमीनी अनुभवों पर आधारित एक बेहद खास पुस्तक ‘अपनापन’ लिखी है। जैसे ही इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा हुई जिले में इस किताब को लेकर उत्सुकता और चर्चाएं काफी बढ़ गई हैं।
पुस्तक नहीं साधना है
बता दें शिवराज सिंह चौहान ने अपनी इस कृति को महज एक पुस्तक नहीं, बल्कि एक साधना बताया है। उन्होंने लिखा है कि दुनिया भले ही नरेंद्र मोदी को एक कद्दावर नेता के रूप में देखती है, लेकिन उन्होंने मोदी जी के भीतर के उस साधक और कर्मयोगी को बहुत करीब से देखा है, जो देर रात तक काम करने के बाद अगली सुबह फिर उसी ऊर्जा के साथ राष्ट्र सेवा में जुट जाता है।
सीहोर से दिल्ली तक का सफर और 1991 की यादें
सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र से अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाले शिवराज सिंह चौहान ने इस किताब में साल 1991 की एकता यात्रा का विशेष रूप से जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि कैसे उस समय नरेंद्र मोदी ने राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र सेवा के प्रति युवाओं के दिलों में तिरंगा फहराने का जज्बा पैदा किया था।
26 मई को नई दिल्ली में होगा विमोचन
इस बहुप्रतीक्षित पुस्तक का भव्य विमोचन आगामी 26 मई को देश की राजधानी नई दिल्ली में किया जाएगा। सीहोर के स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि उनके क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला नेता अब देश के सबसे प्रभावशाली व्यक्तित्व की जीवन यात्रा को शब्दों में पिरोकर दुनिया के सामने ला रहा है। चूंकि शिवराज सिंह चौहान जिले के मूल निवासी हैं, इसलिए जिलेवासी इसे केवल एक किताब नहीं बल्कि अपने नेता की भावनात्मक डायरी मान रहे हैं। लोगों को अब बेसब्री से इंतजार है कि कब यह किताब उनके हाथों में होगी ताकि वे पीएम मोदी के उस मानवीय पक्ष को जान सकें, जिसे शिवराज जी ने पिछले कई सालों में खुद महसूस किया है।