Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय के नजदीक सीहोर-इछावर मार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। कोनाझिर टोल प्लाजा के पास सीएनजी गैस से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक के टैंकर से तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया और अफरा तफरी की स्थिति बन गई। इस हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक गेल इंडिया कंपनी का यह सीएनजी टैंकर इछावर से गैस रिफिल कराने के बाद सीहोर की तरफ आ रहा था, तभी कोनाझिर टोल प्लाजा के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से वह बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
‘नो मैन जोन’, रोका आवागमन
टैंकर से खतरनाक गैस का रिसाव होते देख घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अमले को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एडिशनल एसपी सुनीता रावत, सीएसपी अभिनंदन शर्मा और थाना प्रभारी पंकज वाडेकर भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
किसी बड़े हादसे या आगजनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और घटनास्थल के चारों ओर के पूरे एरिया को नो मैन जोन घोषित कर दिया। आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीहोर-इछावर मुख्य मार्ग को दोनों तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया गया। मार्ग बंद होने से सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को भाऊखेड़ी की तरफ से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया।
फयर ब्रिगेड और गेल की तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर मिलते ही गेल इंडिया कंपनी की तकनीकी टीम भी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। वहीं फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने मोर्चा संभालते हुए टैंकर पर लगातार पानी की तेज बौछारें मारना शुरू किया, ताकि हवा में फैल रही सीएनजी गैस के प्रभाव को कम किया जा सके और किसी भी तरह की चिंगारी से होने वाले विस्फोट को रोका जा सके।
मशक्कत के बाद पाया काबू
तकनीकी टीम और बचाव दल की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गैस लीकेज पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। सीएसपी अभिनंदन शर्मा के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सडक़ से हटाने और सीधा करने के लिए क्रेन बुलाई गई है। प्रशासन और पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद हैं।


