Sehore News: सीहोर। कहते हैं कि गिफ्ट तो आखिर गिफ्ट होता है और जब तोहफे में सीधे जमीन का टुकड़ा मिल जाए तो बड़े से बड़े गुनाह भी पानी मांगते नजर आते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प और चर्चाओं से गरमाया किस्सा इन दिनों जिले के गलियारों में तैर रहा है।
दरअसल दो दिन पहले पुलिस के हत्थों चढ़े एक फर्जी मुन्ना भाई को लेकर अंदरखाने से एक बड़ी ही मजेदार खबर छनकर बाहर आई है। सूत्र बताते हैं कि कुर्सियों पर बैठे एक ‘साहब’ को इसकी पूरी भनक थी। लेकिन साहब कार्रवाई करते भी तो कैसे, मुन्ना भाई ने साहब की दुखती रग पहचान कर उन्हें ‘जमीन’ का एक आलीशान टुकड़ा जो गिफ्ट कर रखा था।
हालांकि अब इस ‘जमीन घोटाले’ और फर्जीवाड़े के तार जुड़ते ही दूसरे जिले की पुलिस का पूरा फोकस सीहोर पर टिक गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब पुलिस कड़ाई से पूछताछ करेगी तो साहब के इस गिफ्ट के पिटारे से और कितने राज बाहर आते हैं।


