Sehore News: सीहोर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र में सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। काकड़खेड़ा जोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने भिड़ंत में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना खतरनाक था कि एंबुलेंस करीब 30 फीट दूर जाकर गिरी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 12 बजे दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर होते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक एंबुलेंस के केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। घायल चालक दर्द से कराहता रहा, लेकिन समय पर दूसरी एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। घायल चालक का नाम नबीलाल बताया जा रहा है, जबकि एक अन्य भी घायल का नाम नहीं मिल सका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद करीब एक घंटे तक मेडिकल सहायता का इंतजार करना पड़ा। लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार एंबुलेंस बिना मरीज के भी तेज रफ्तार में सायरन बजाते हुए दौड़ती रहती हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ता है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती।
घटना की सूचना मिलने पर इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद था या नहीं।


