Sehore News: सीहोर। राजनीति में अक्सर दांव-पेच के किस्से सुने जाते हैं, लेकिन सीहोर जिले में एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। प्रदेश के कद्दावर नेता और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के जन्मदिन को लेकर जबरदस्त गफलत की स्थिति बन गई है। आलम यह है कि जहां प्रदेश के बड़े दिग्गज उन्हें आज बधाई दे रहे हैं, वहीं उनके अपने ही समर्थक यह कहकर बधाई देने से बच रहे हैं कि आज उनका जन्मदिन है ही नहीं।
मामला तब सुर्खियों में आया जब विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने फेसबुक पेज पर एक पत्र जारी कर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके पीछे-पीछे प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई बड़े नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर मंत्री जी को बधाई देना शुरू कर दिया। लेकिन जैसे ही यह खबर सीहोर और उनके गृह क्षेत्र इछावर पहुंची, समर्थकों के बीच खामोशी छा गई। जिले के समर्थकों का कहना है कि मंत्री जी का जन्मदिन 1 मई को नहीं, बल्कि 6 अक्टूबर को आता है।
जिले में सन्नाटा, सोशल मीडिया पर सस्पेंस
यही वजह है कि इछावर से 8वीं बार विधायक चुने गए करण सिंह वर्मा के गढ़ में आज कोई उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। सोशल मीडिया जो आमतौर पर कार्यकर्ताओं के पोस्ट से पट जाता था, आज वीरान है। समर्थक साफ कह रहे हैं कि जब जन्मदिन ही नहीं है तो बधाई कैसी। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या मंत्री जी के सरकारी दस्तावेजों और समर्थकों के रिकॉर्ड में तारीखें अलग-अलग हैं।
राजस्व मंत्री के पद पर होकर जन्मदिन में गफलत
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर इतनी बड़ी गफलत कैसे हो गई। राजस्व विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे मंत्री के जन्मदिन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व गृहमंत्री जैसे कद के नेताओं के पास गलत जानकारी कैसे पहुंची या फिर क्या यह संभव है कि समर्थकों को ही सही तारीख का पता न हो।


