Sehore: यहां के हम सिकंदर….

01 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। शहर की सडक़ों पर इन दिनों ‘सडक़ सुरक्षा’ के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विशेष रूप से भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आम जनता के लिए मुसीबत का सबब बन गई हैं। वाहन चालकों की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि वे अपनी ट्रॉलियों में क्षमता से कई गुना अधिक भूसा भरकर सडक़ों पर सरपट दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है और हादसों का डर बना रहता है।
शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक भोपाल नाका से विशाल मेगामार्ट वाले रास्ते पर यह नजारा हर दिन देखा जा सकता है। यहां से गुजरने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भूसा इस हद तक ऊपर और बाहर की तरफ भरकर ले जाया जाता है कि पूरी सडक़ पर सिर्फ ये ट्रॉलियां ही नजर आती हैं। किनारे से निकलने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को निकलने की जगह तक नहीं बचती। कई बार भूसे की वजह से पीछे चल रहे वाहन चालकों की आंखों में धूल और तिनके गिरते हैं, जिससे वे असंतुलित होकर गिरते-गिरते बचते हैं।
आवागमन में भारी दिक्कत, थम जाती है रफ्तार
ओवरलोड ट्रॉलियों की चौड़ाई इतनी अधिक हो जाती है कि वे पूरी सडक़ को घेर लेती हैं। यदि सामने से कोई दूसरा बड़ा वाहन आ जाए तो सडक़ पर लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये वाहन चालक खुद को सडक़ का सिकंदर समझते हैं। उन्हें न तो ट्रैफिक जाम की परवाह है और न ही पीछे आ रहे लोगों की परेशानी की।