Sehore: झपकी लगते ही थाने के सामने पलटा ट्रक…

01 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र में आज (शुक्रवार) सुबह बड़ा सडक़ हादसा टल गया। भेरूंदा मंडी से मक्का भरकर राजस्थान जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे थाने के सामने ही सडक़ पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसा सुबह के वक्त हुआ जब सडक़ पर भीड़ कम थी, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा सुबह लगभग 8 बजे हुआ। ट्रक चालक को गाड़ी चलाते समय अचानक नींद का झोंका आ गया, जिससे वह स्टयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगडऩे के कारण ट्रक सडक़ के बीचों-बीच पलट गया। ट्रक में लगभग 42 टन मक्का भरा हुआ था, जो पलटने के बाद पूरी सडक़ पर बिखर गया।
भीलवाड़ा जा रहा था वाहन
बताया जा रहा है कि ट्रक भेरूंदा मंडी से मक्का लेकर राजस्थान के भीलवाड़ा जा रहा था। सुबह की शांति के बीच हुए इस जोरदार धमाके की आवाज सुनकर पास ही स्थित थाने का स्टाफ और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे में ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।
ट्रक हटाने और मक्का समेटने की कवायद जारी
सडक़ के बीचों-बीच ट्रक पलटने से यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। इछावर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन को मौके पर बुलाया और ट्रक को किनारे करने की कार्रवाई शुरू की। वहीं सडक़ पर बिखरे मक्के को भी सुरक्षित समेटने का प्रयास किया जा रहा है।