Sehore News: सीहोर। भीषण गर्मी और तपती सडक़ों के बीच महुआखेड़ी तकीपुर के स्कूली बच्चों के चेहरों पर उस समय मुस्कान खिल उठी, जब उन्हें उपहार स्वरूप नई और रंग-बिरंगी चप्पलें मिलीं। गुरुवार को शासकीय माध्यमिक शाला महुआखेड़ी तकीपुर में स्वर्गीय तनुजा मालवीय की स्मृति में उनकी माता चंदा मालवीय और प्रभात मालवीय द्वारा एक पुनीत कार्य किया गया। इस दौरान विद्यालय के 105 छात्र-छात्राओं को रंगीन चप्पलें वितरित की गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीआरसी अशोक वर्मा और समस्त विद्यालय परिवार ने मालवीय परिवार के इस अनुकरणीय कार्य की प्रशंसा की। विद्यालय की ओर से प्रभात मालवीय एवं चंदा मालवीय का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनों ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना समाज के प्रति एक बड़ी संवेदनशीलता है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश और सुरक्षा के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान बीआरसी अशोक वर्मा ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा के साथ बच्चों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण लू और गर्मी को देखते हुए बच्चे सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। साथ ही उन्होंने बच्चों को छुट्टियों के दौरान शिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन शैक्षणिक गतिविधियों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
छुट्टियों में समर कैंप का नवाचार
विद्यालय के शिक्षक सतीश त्यागी ने बताया कि अवकाश के दौरान बच्चों की रचनात्मकता को निखारने के लिए शिक्षिका सरिता ठाकुर के मार्गदर्शन में झोला लाइब्रेरी का संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों को उनके घर और मोहल्ले में ही प्रेरक कहानियां, कविताएं और पेंटिंग जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। साथ ही शाला में समर कैंप का भी आयोजन होगा, जहां खेल-कूद के जरिए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षक गोवर्धन सिंह, प्रार्थना गुप्ता, सरिता ठाकुर, साक्षी पालिवाल, पायल बनर्जी सहित ग्रामवासी अयोध्या बाई, आरती सेन, पारस बाई, मधु भारती, रफीक खान, कालू राम भारती और राजेश परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।


