Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप कांकड़ाखेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री एक बार फिर भारी जनाक्रोश के केंद्र में है। फैक्ट्री की संदिग्ध कार्यप्रणाली और धार्मिक आस्था के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हुंकार भर दी है। हिंदुत्व नेता विवेक राठौर ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन फैक्ट्री में तालाबंदी करने से पीछे नहीं हटेगा।
इछावर क्षेत्र के ग्रामीणों की पीड़ा है कि फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल युक्त और पशुओं के चमड़े के अंश वाला बदबूदार पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे खेतों में बहाया जा रहा है। इसी दूषित पानी से क्षेत्र की सब्जी, गेहूं और दाल की फसलें तैयार हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस अनाज और सब्जी को खाकर वे अपनी धार्मिक शुद्धता बनाए रखते हैं, उसमें चमड़े युक्त गंदा पानी मिलना सीधे तौर पर सनातन परंपराओं और आस्था पर आघात है।
बजरंग दल ने पकड़ा था ट्रक
मामला तब और गंभीर हो गया जब दो दिन पहले बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सैकड़ाखेड़ी जोड़ पर ट्रक को पकड़ा। इस दौरान प्रशासनिक अफसरों को मौके पर बुलवााय गया और जांच पड़ताल के दौरान पाया कि उसमें गाय का चमड़ा भरा था। ट्रक ड्राइवर ने भी बताया था कि हां यह ट्रक अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री जा रहा है।
विवेक राठौर ने किया आह्वान
हिंदुत्व नेता विवेक राठौर ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन अपने रसूख के दम पर प्रशासन और प्रदूषण विभाग को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा यह केवल प्रदूषण का मामला नहीं है, बल्कि हमारी धार्मिक आस्था को भ्रष्ट करने की साजिश है। फैक्ट्री के पीछे वाले खेतों में फैल रही बदबू ने किसानों का जीना मुहाल कर दिया है। अब समय आ गया है कि हिंदू समाज संगठित होकर इस पर ताला जड़े।


