Sehore News: सीहोर। सालों से फ्लेक्सी सीहोर के नाम से बदनाम हो रहे शहर की सूरत बदलने के लिए नगर सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि अब शहर की सडक़ों, चौराहों और डिवाइडरों पर अवैध होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर नजर नहीं आएंगे। खास बात यह रही कि नपाध्यक्ष ने कथनी और करनी का भेद मिटाते हुए कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद सबसे पहले अपने ही लगे बैनर और कटआउट हटवाकर कड़ा संदेश दे दिया।
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने संकल्प लिया कि वे अपने जन्मदिन पर भी शहर में कोई होर्डिंग या स्वागत द्वार नहीं लगवाएंगे। उन्होंने कहा कि ये फ्लेक्स न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ते हैं, बल्कि वाहन चालकों का ध्यान भटकाकर हादसों को न्योता देते हैं। 1 मई से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत पूरे शहर को फ्लेक्स मुक्त बनाया जाएगा।
सत्ता पक्ष और विपक्ष एक सुर में
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के इस कड़े निर्णय का शहर के सभी प्रमुख राजनेताओं ने स्वागत किया है। नेताओं का मानना है कि शहर की स्वच्छता और सुरक्षा के लिए यह अनिवार्य था।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि यह निर्णय बहुत अच्छा और शहर हित में है। नियम सख्त होने चाहिए और उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माने के साथ एफआईआर तक की कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने भी मुहिम का समर्थन करते हुए कहा कि मंशा साफ होनी चाहिए। यह कार्रवाई एक.दो महीने नहीं बल्कि हमेशा के लिए हो और इसमें केवल राजनीतिक ही नहींए बल्कि हर प्रकार के व्यावसायिक अवैध होर्डिंग्स भी हटाए जाने चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने सुझाव दिया कि यह कार्रवाई महज कुछ दिनों की न हो, बल्कि स्थायी हो। इसके लिए एक स्पेशल टीम बने ताकि शहर हमेशा होर्डिंग्स की गंदगी से मुक्त रहे।
वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने मंशा की सराहना करते हुए कहा कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। होर्डिंग्स शहर में सडक़ दुर्घटनाओं का भी कारण बनते थे।
दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के अनुसार यह अभियान केवल सौंदर्यकरण तक सीमित नहीं है। सडक़ों के किनारे और चौराहों पर लगे बड़े-बड़े फ्लेक्स अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। फ्लेक्सी सीहोर की पहचान मिटाकर अब स्वच्छ सीहोर का नया अध्याय शुरू किया जा रहा है। नपा की टीम अब पूरे शहर में सक्रिय हो गई है और सार्वजनिक स्थानों से अवैध सामग्री हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।


