Sehore News: सीहोर। जबलपुर पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो शादी के नाम पर नाबालिग लड़कियों की खरीद फरोख्त करता था। इस काले कारोबार का मुख्य केंद्र सीहोर जिला निकलकर सामने आया है, जहां के एक पूर्व सरपंच ने न केवल नाबालिग को खरीदा, बल्कि उसे आगे ऊंचे दामों पर बेचकर गिरोह का संचालन भी किया। मामले में पुलिस अब तक एक महिला सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि 6 दिसंबर 2025 को जबलपुर के घमापुर से लापता हुई 16 वर्षीय बच्ची मानव तस्करों के जाल में फंस गई थी। आरोपी मनीष सपेरा उसे बहला फुसलाकर सीहोर जिले के चांदबड़ गांव ले आया। यहां उसने पूर्व सरपंच राकेश कोरबे से संपर्क किया। पूर्व सरपंच ने नाबालिग का सौदा 1 लाख रुपये में किया और बच्ची को अपने पास रख लिया।
मुनाफे के लिए आगे बेचा
सीहोर के इस पूर्व सरपंच ने बच्ची को आगे बेचने के लिए अपना नेटवर्क सक्रिय किया। चूंकि सीमावर्ती इलाकों में विवाह योग्य लड़कियों की कमी है, इसका फायदा उठाते हुए राकेश कोरबे ने पंडित हेमराज कुमारिया, हेमराज विश्वकर्मा, राय सिंह गुर्जर और जतन बाई को काम पर लगाया। इन लोगों ने नाबालिग की फोटो दिखाकर गुना के आकाश मेवाड़ा से संपर्क किया और सौदा 2 लाख रुपये में तय किया। 12 दिसंबर को 2 लाख रुपये की मोटी रकम लेकर बच्ची को गुना भेज दिया गया, जहां उससे जबरन शादी कराई गई।
पैसे का बंदरबांट और कमीशन का खेल
गिरफ्तारी के बाद पूर्व सरपंच राकेश कोरबे ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि इस धंधे में काम के आधार पर पैसे बांटे जाते थे। उसने मनीष सपेरा को 1 लाख रुपये दिए, जबकि अपने अन्य साथियों हेमराज, जतन बाई आदि को 10-10 हजार रुपये कमीशन देकर बाकी की बड़ी रकम खुद डकार ली।
एक फोन कॉल ने खोल दी पोल
नाबालिग ने जैसे-तैसे पड़ोसी के मोबाइल से एक कॉल किया, जिसे साइबर पुलिस ने ट्रेस कर लिया। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा की टीम ने शाजापुर और गुना में दबिश देकर बच्ची को बरामद किया और आरोपियों को दबोच लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक राकेश कोरबे पूर्व सरपंच चांदबड़ सीहोर, मनीष सपेरा, अर्जुन, सुमित चौहान, आकाश मेवाड़ा, जतन बाई, हेमराज कुमारिया, हेमराज विश्वकर्मा और राय सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया है।


