Sehore News: सीहोर। भोपाल के कुख्यात असलम चमड़ा कांड के बाद अब सीहोर के काकरखेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गौवंश का चमड़ा मिलने का मामला गरमा गया है। इस घटना को लेकर शहर में भारी आक्रोश व्याप्त है। अब तक इस मामले में विहिप और बजरंग दल उग्र थी, लेकिन विरोध की इस कड़ी में अब मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी जुड़ गई है। बुधवार को कांग्रेस ने कोतवाली चौराहे पर फैक्ट्री मालिक आशीष का पुतला फूंककर उसकी तुलना भोपाल के असलम चमड़े से कर दी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौराहे पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार शर्म करो, गौ माता के दलालों को गोली मारो और आशीष चमड़ा मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। राजीव गुजराती ने कहा कि भोपाल के बाद यह प्रदेश का दूसरा बड़ा कांड है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक आशीष और असलम में कोई फर्क नहीं है। दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की है जो सरकार की मंशा पर सवाल उठाती है।
बजरंग दल ने पकड़ा कोलकाता से आया ट्रक
बता दें मामले की शुरुआत सोमवार को हुई जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर उसे सैकड़ाखेड़ी चौराहे पर रोका। जांच करने पर ट्रक में भारी मात्रा में गाय और भैंस का चमड़ा मिला। ट्रक ड्राइवर ने स्वीकार किया कि वह यह माल कोलकाता से लेकर आया है और पहले भी कई बार अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में माल सप्लाई कर चुका है।
प्रदूषण और अवैध कार्यों का अड्डा बनी फैक्ट्री
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर अवैध कार्य किए जा रहे हैं। फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण ने आसपास के ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि फैक्ट्री के प्रबंधन और मालिक पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और जांच पूरी होने तक फैक्ट्री को पूरी तरह सील किया जाए।


