Sehore News: सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर मंगलवार की रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मानाखेड़ी जोड़ के पास एक तेज रफ्तार ईको गाड़ी और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 8.30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार निखिल वर्मा और आयुष धनगर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ मौजूद तीसरा युवक दीपक प्रजापति बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ट्रैफिक रहा बाधित
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों का मलबा बिखरने से लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही आष्टा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात शुरू करवाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में शोक की लहर
आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि दोनों वाहन कोठरी की तरफ जा रहे थे, लेकिन हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। बता दें कि मंगवार को सुबह एक बस हादसे में भी एक व्यक्ति की जान गई थी। एक ही दिन में तीन मौतों से पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।


